संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कस्बे के पुलिस स्टेशन में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। इस अवसर पर कैथल मुख्यालय के डीएसपी बीरभान सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर की अध्यक्षता थाना प्रबंधक हरपाल सिंह ने की। शिविर में पुलिस विभाग के महिला और पुरुष कर्मचारियों सहित स्थानीय नागरिकों ने रक्तदान किया। इस दौरान कुल 54 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
डीएसपी ने कहा कि रक्तदान महादान है। इससे किसी की जान बचाई जा सकती है। ऐसे आयोजनों से पुलिस की सकारात्मक छवि समाज में स्थापित होती है और जनता का भरोसा भी मजबूत होता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। थाना प्रबंधक हरपाल सिंह ने कहा कि पुलिस सामाजिक जिम्मेदारियों को लेकर हमेशा सक्रिय रही है। इस तरह के शिविरों से जरूरतमंदों की मदद होती है। स्वस्थ व्यक्तियों में भी रक्तदान के प्रति जागरूकता आती है। शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सा टीम, सामाजिक संगठनों और पुलिस कर्मियों का विशेष सहयोग रहा।
29केएलटी48: कलायत पुलिस स्टेशन में रक्तदान शिविर के दौरान थाना प्रबंधक हरपाल सिंह को बैज लगाते डीएसपी बीरभान