संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में जहां एक ओर मंदिरों को सजाया जा रहा है। वहीं नवरात्र के लिए भी घरों में श्रद्धालुओं ने तैयारी शुरू कर दी है। बाजार में सोमवार को पूजा की सामग्री, फल और उपहारों की दुकानों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। इनमें अधिक संख्या महिलाओं की रही। बाजार में खरीदारों की भीड़ देखकर दुकानदारों को भी नवरात्र में अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है।
कानदार नीटू ने बताया कि सादा कलश 25, रंगीन कलश 30 और माता की चुनरी 10 से लेकर 40 रुपये में बिक रही है। नारियल 40 से 50 और देवी दुर्गा की मूर्ति 50 से लेकर 150 रुपये में बेची जा रही है। बाजारों में उमड़ी भीड़ से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं। कपड़े, सजावटी सामान और धार्मिक सामग्री की बिक्री में तेजी आई है। बाजार में लोगों ने पूजा के लिए कलश, नारियल, चुनरी, रोली, पान, घी, धूप बत्ती, अगरबत्ती, लौंग, सुपारी, कपूर सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री खरीदी। नौ दिन के व्रत में अन्न से परहेज किया जाता है, इसलिए बाजार में कुट्टू, फल, व्रत के अन्य सामानों की खूब बिक्री हुई। इन दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ लगी रही। नवरात्र शुरू होने से पहले ही लोगों ने घरों व मंदिरों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया है।