कैथल। श्री गुरु गोबिंद सिंह जिला खेल स्टेडियम में सोमवार शाम अभ्यास कर रहे गांव खानपुर निवासी 27 वर्षीय युवक दीपक सैनी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। दीपक सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे और नियमित रूप से स्टेडियम में अभ्यास के लिए आते थे।
सरपंच ने बताया कि दीपक सोमवार शाम स्टेडियम में दौड़ लगाने गया था। दौड़ पूरी करने के बाद वह अन्य युवाओं के साथ वॉलीबॉल खेलने लगा। खेल के दौरान शॉट मारते समय उसे अचानक तेज चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद वह खुद को संभालते हुए कुछ देर मैदान में बैठा लेकिन कुछ ही क्षण बाद बेसुध होकर दोबारा गिर गया।
मैदान में मौजूद साथी युवकों ने बिना समय गंवाए दीपक को मोटरसाइकिल से शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
6 बहनों का इकलौता और सबसे छोटा भाई था दीपक
गांव खानपुर के सरपंच प्रतिनिधि सोनू सैनी ने बताया कि दीपक परिवार में छह बहनों का इकलौता और सबसे छोटा भाई था। रक्षाबंधन से ठीक पहले इकलौते भाई की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपक की अचानक मौत की खबर से गांव खानपुर में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और ग्रामीणों के लिए यह हादसा बेहद पीड़ादायक है।