कैथल। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक व दोहरी प्रविष्टि) श्रेणी के मतदाताओं की विधानसभा वार सूची जारी कर दी है। जिले में 85 हजार 461 मतदाता इन श्रेणियों में चिन्हित किए गए हैं।
यह सूची जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ की ओर से घर-घर जाकर किए गए सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है और इसे प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आमजन के अवलोकन के लिए चस्पा और रखवाया गया है। इनमें सबसे अधिक कैथल विधानसभा क्षेत्र में 26 हजार 734 मतदाता शामिल हैं।
उपायुक्त अपराजिता ने बताया कि गुहला विधानसभा क्षेत्र में कुल 17 हजार 690, कलायत विधानसभा क्षेत्र में 18 हजार 015 और पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में 23 हजार 022 एएसडीडी मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसके व्यापक प्रचार के निर्देश दिए हैं ताकि प्रत्येक मतदाता अपने नाम से संबंधित जानकारी देख सके।