कार्यक्रम में ग्रामीणों को जागरूक करते स्वास्थ्य विभाग की टीम।
राजौंद। सोमवार को गांव संतोख माजरा में लिंग अनुपात सुधारने के उद्देश्य से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला केदिशा-निर्देश एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति को रोकना और बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बेटियों के महत्व और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीश खान और बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी मंजू और पूजा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान समाज में समानता और संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत जरूरी है। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लोगों से इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और बेटियों के सम्मान व शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को जागरूक करते स्वास्थ्य विभाग की टीम।