चुनाव आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने के साथ ही आचार संहिता भी लागू हो गई है। डीसी ने इस संबंध में बुधवार को दिशा निर्देश जारी कर दिए। प्रशासन ने जिले में 259 अतिसंवेदनशील बूथ घोषित किए हैं। नए निर्देशों में नौ मार्च को सभी बूथों पर बीएलओ ड्यूटी देंगे जहां लोग अपने नई वोट बना सकेंगे। लघु सचिवालय स्थित सभागार में संवाददाताओं से बातचीत में डीसी ने बताया कि हरियाणा में चुनाव 10 अप्रैल को होेंगे।
चुनाव को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी इंतजाम को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। नौ मार्च को जिले में स्थापित किए जाने वाले 668 मतदान केंद्रों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के साथ मौजूद रहेंगे। कोई भी पात्र व्यक्ति नामांकन भरने के अंतिम तिथि से पहले वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले भर में स्थापित होने वाले 668 मतदान केंद्रों जिनमें अति संवेदनशील व संवेदनशील मतदान केंद्रों का भी उल्लेख है की सूची जिला पुलिस अधीक्षक के पास भेज दी है।
आठ नए बूथ बनाए जाने के लिए स्वीकृति मांगी गई है। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में पड़ने वाले इस जिला के गुहला विधानसभा क्षेत्र में स्थापित 169 मतदान केंद्रों में 55 अति संवेदन तथा 22 संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की गई है, जबकि कलायत विधानसभा क्षेत्र में स्थापित 180 मतदान केंद्रों में से 65 अति संवेदन तथा 44 संवेदनशील, कैथल विधानसभा क्षेत्र में 158 बूथों में 41 अति संवेदनशील तथा 15 संवेदनशील तथा पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में 161 मतदान केंद्रों में 98 अति संवेदनशील तथा 26 संवेदनशील मतदान केंद्रों के रूप में चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार पूरे जिला में 259 अति संवेदनशील व 107 बूथों को संवेदनशील के रूप में पहचान की गई है।
वोटिंग मशीन में राइट-टु-रिजेक्ट का बटन
पहली बार इन लोकसभा चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में अतिरिक्त बटन लगाया गया है, जिसके माध्यम से मतदाता किसी को भी वोट न देने की स्थिति में उसका उपयोग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त पहली बार मतदान केंद्रों के बाहर भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक बूथ बनाया जाएगा, जहां से मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए एक फोटोयुक्त पर्ची, जिसमें उसका वोटर नंबर होगा, प्रदान की जाएगी। चुनाव संबंधी किसी भी सहयोग व जानकारी के लिए निर्वाचन विभाग के टोल फ्री नंबर 18000-180-1332 पर संपर्क किया जा सकता है।
सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष दल गठित होंगे और गश्त निरंतर चलती रहेगी तथा निर्धारित समय के बाद शराब के ठेके खोलने की अनुमति नहीं होगी। सभी असला धारकों को अपने हथियार जमा करवाने होंगे।
लालबत्ती के प्रयोग पर रोक
डीसी ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन के लिए सभी राजनीतिक दल समान स्थिति में आ गए हैं। अब कोई मंत्री या विधायक प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग नहीं बुला सकेगा। साथ ही कोई भी मंत्री या विधायक अथवा सांसद लालबत्ती का प्रयोग नहीं कर सकेगा।
पौने सात लाख लोग डालेंगे वोट
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में इस बार 6,70,888 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3,05,608 महिला व 3,06,528 पुरुष मतदाता हैं। वहीं गुहला हलके में 1,56 ,774, कलायत में 1,78,957, कैथल हलके में 1,70,425 व पूंडरी में 1,61,592 मतदाता अभी तक पंजीकृत हुए हैं।
कई कमेटियों का गठन होगा
डीसी एनके सोलंकी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के दृष्टिगत शराब नियंत्रण कमेटी गठित की गई है तथा उम्मीदवारों द्वारा किए जाने वाले खर्च की निगरानी के लिए भी खर्च मानीटरिंग सेल बनाया गया है। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर उड़न दस्ते गठित किए गए हैं तथा जिला मीडिया सर्टिफिकेशन कमेटी अतिरिक्त उपायुक्त की अगुवाई में गठित की गई है, जिसमें जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी सहित दो अन्य अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। किसी निजी संपत्ति पर पोस्टर, बैनर या झंडा लगाने के लिए भवन मालिक की स्वीकृति लेनी होगी।