कैथल। चीका में दो युवकों ने एक युवक को चाकू दिखाकर 25 हजार रुपये छीन लिए। युवक देर रात को साइकिल पर काम से घर लौट रहा था। दोनों युवक बाइक पर आए और रास्ता रोककर वारदात की। इस संबंध में युवक ने चीका थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। वार्ड नंबर 15 गुहला रोड चीका निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह छोटी मंडी चीका के पास कपड़े की दुकान पर नौकरी करता है।
21 अप्रैल की देर वह दुकान से साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जब वह चानना रोड से होता हुआ गुहला रोड के नजदीक पहुंचा तो गुहला रोड की तरफ से एक बाइक आई। उस पर 2 लड़के सवार थे। वे सामने की तरफ से आए और आते ही उन्होंने उसकी साइकिल के आगे अपनी बाइक रोक ली। आरोपियों ने कहा कि तेरे पास जो कुछ है निकाल दे। इतना कहते ही पीछे बैठे लड़के ने उसकी कमीज की ऊपर वाली जेब में रखे 25 हजार रुपये छीन लिए। आरोपियों में से एक लड़का अपने साथ चाकूनुमा हथियार भी लिए हुए था। शिकायतकर्ता ने आरोपियों को पकड़ कर उसके रुपये वापस दिलाने की मांग की है।चीका थाने के जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।