संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर तीन युवकों से 24 लाख 20 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सीवन थाना पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीवन निवासी कुलभूषण ने बताया कि अगस्त 2023 में उसकी पहचान बिंदू राणा, संजीव पंडित, अशोक और मीना सैनी से हुई थी। आरोपियों ने खुद को ऊंचे संपर्कों वाला बताते हुए कहा कि वे युवाओं को सरकारी विभागों में नौकरी लगवा सकते हैं। उन्होंने कुलभूषण सहित उसके परिचित तुषार और संदीप को भी सरकारी नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया।
आरोपियों ने तीनों से कुल 24 लाख 20 हजार रुपये ले लिए और जल्द नियुक्ति पत्र मिलने की बात कही। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली, तो पीड़ितों ने दोबारा संपर्क किया। आरोपियों ने हर बार टालमटोल कर आश्वासन देते रहे।
एक बार तो आरोपियों ने फर्जी इंटरव्यू कॉल लेटर भी दिखाया, ताकि भरोसा बना रहे। पीड़ितों ने जब रकम मांगी, तो जान से मारने की धमकी दी गई। जब लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद कुलभूषण ने सीवन थाना में शिकायत दी।
चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -ओमप्रकाश, थाना प्रभारी