फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: दिन में रेकी, रात को करता था चोरी

Thu, 26 Jun 2025 01:36 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। कलायत क्षेत्र में सीआईए-वन पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर 12 दुकानों से नकदी और सामान चोरी करने के आठ मामलों का खुलासा किया है। आरोपी से चोरी का सामान, नकदी और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है, जबकि उसका साथी पुलिस की पकड़ से अभी दूर है।

सीआईए-वन थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला जींद के गांव दुर्जनपुर निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। उसका साथी, मटौर निवासी राजू अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। दोनों पिछले कुछ समय से कलायत और किठाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
विज्ञापन


डीएसपी ने बताया कि आरोपी दिन के समय दुकानों की रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम देते थे। राजू दिन में दुकानों को चिह्नित करता था और फिर रात को पवन को बुलाता था। दोनों आरोपी वेगनआर गाड़ी को कुछ दूरी पर खड़ा करते थे और दुकानों के पीछे से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घुसते थे। फिर दरवाजा तोड़कर दुकान में दाखिल होते थे और नकदी के साथ-साथ एलईडी, डीवीआर जैसी चीजें भी चुरा लेते थे, ताकि पहचान न हो सके।

दोनों की दोस्ती 2018 में मेलों में सामान बेचते वक्त हुई थी। 2019 में उन्होंने टोहाना में पहली बार मिलकर चोरी की, जिसके बाद दोनों जेल भी जा चुके हैं। जेल से छूटने के बाद दोनों ने फिर से चोरी की योजना बनानी शुरू की।

वारदातों में इस्तेमाल कार, नकदी और औजार जब्त

खरक पांडवा निवासी मुकेश कुमार ने कलायत थाना में शिकायत दी थी कि 3 और 4 जून की रात को बस अड्डे के पास स्थित उसकी जूस की दुकान और बगल की मेडिकल स्टोर से एलईडी, डीवीआर, नकदी और पशुओं की दवाइयां चोरी हो गईं। इसी मामले की जांच करते हुए एसआई जसवंत की टीम ने पवन कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पवन ने स्वीकार किया कि उसने राजू के साथ मिलकर कलायत से 10 और किठाना से 2 दुकानों से चोरी की। आरोपी राजू कलायत में रेहड़ी लगाकर कबाड़ी का काम करता है और वही रेकी करता था। आरोपी पवन कुमार के कब्जे से एक एलईडी, 5,000 रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त वेगनआर कार और औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
विज्ञापन


लगातार हो रहीं थीं वारदातें

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, कुछ महीनों में कलायत में चोरियां बढ़ गई थीं पर पुलिस की कवायद के बावजूद नतीजा सिफर था। 15 और 16 अप्रैल की रात पुराने डीएसपी कार्यालय भवन के पास चार दुकानों को निशाना बनाया गया था। इसके बाद गत दो मई को मटौर रोड पर भी एक बड़ी चोरी हुई थी। मई के अंतिम पखवाड़े में भी मटौर रोड पर गोयल करियाणा स्टोर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के पीछे से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते प्रवेश किया और दुकान में घुसते ही सबसे पहले सीसीटीवी का डीवीआर तोड़ा। इसके बाद गल्ले में रखे करीब 50 से 60 हजार रुपये और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए थे। जून में चोरी की वारदात नहीं रुकी थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें