कैथल। जिले में खेल नर्सरी शुरू करने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि रविवार को समाप्त हो गई। जिला खेल विभाग के अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि निर्धारित समय तक कुल 240 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब इन आवेदनों की जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद पात्र संस्थानों और प्रशिक्षकों को अनुमति प्रदान की जाएगी।
खेल अधिकारी ने बताया कि खेल नर्सरी का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रारंभिक स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। चयनित खिलाड़ियों को तीन समय का भोजन तथा वहीं ठहरने की व्यवस्था दी जाएगी जिससे वे नियमित अभ्यास कर सकें। इसके अलावा खेल सामग्री और प्रशिक्षक की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
खेल नर्सरी के नियमों के अनुसार आवेदन करने वाले को निर्धारित खेल में प्रमाणित प्रशिक्षक होना आवश्यक है। प्रशिक्षण स्थल पर पर्याप्त मैदान, बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। खिलाड़ियों की आयु सीमा विभाग की ओर से तय मानकों के अनुसार होगी। नियमित उपस्थिति, अनुशासन और प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अंतिम सूची जारी की जाएगी। खेल नर्सरी योजना से जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। संवाद