देखभाल न होने से पटियाला हाईवे पर बने कौल बस स्टैंड के हालात बदतर
फोटो नंबर-10
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। देखभाल न होने से करनाल-पटियाला हाईवे पर बने कौल बस स्टैंड के हालात बदतर होने लगे हैं। बस स्टैंड में कोई भी कर्मचारी न होने के कारण यहां की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। यात्री खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।
सरकार द्वारा बस स्टैंड पर बनाए गए शौचालयों पर विभाग ताला लगाए हुए है। जिससे महिला यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना कर पड़ रहा है एक तरफ तो सरकार खुले में शौच जाने पर प्रतिबंध लगा रही है वहीं दूसरी ओर विभागीय अधिकारी सुलभ शौचालय पर ताला लटका कर यात्रियों को खुले में शौच जाने पर मजबूर कर रहे है। जिससे मालूम होता है कि सरकारी अधिकारियों को ही सरकार की खुले में शौच मुक्त योजना रास नहीं आ रही है। ग्रामीण काला, महेंद्र, पाला राम व पवन आदि ने बताया कि बस स्टैंड की देखरेख करने एवं सुलभ शौचालयों को प्रतिदिन खोलने के लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार व्यक्तिगत तौर पर व लिखित में अवगत करवा चूके हैं। लेकिन अधिकारी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। पीने के पानी की टंकियों में गंदगी काई जमा है। बस स्टैंड की दीवारों के आस पास गंदगी का आलम है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बस स्टैंड पर इंचार्ज की ड्यूटी लगाने और सुलभ शौचालयों पर लगे तालों को खुलवाने की मांग की है।
रोडवेज कैथल के जीएम रामकुमार ने कहा कि कौल बस स्टैंड पर दो बसों का ठहराव है वहां पर कर्मचारी लगाना संभव नहीं है। सुलभ शौचालयों की समय-समय पर सफाई करवाई जाती है अगर शौचालयों पर ताले लगे हुए है तो उन्हें शीघ्र ही खुलवा दिया जाएगा।