स्वास्थ्य केंद्र को इलाज की दरकार
- मूलभूत सुविधाओं और डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा पीएचसी पाई
फोटो नंबर-51
अमर उजाला ब्यूरो
पाई। पीएचसी पाई केंद्र में जहां डाक्टरों की कमी है। वहीं भवन की जर्जर हालत होने के कारण ग्रामीणों ने कई बार प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के सामने अपना दुखड़ा रोया है। लेकिन आज तक किसी ने भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीण महावीर, डीसी, अनिल, रोहित मंजीत, विक्की, महेंद्र, सुभाष, सतबीर, संजय ने बताया कि गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाएं न होने के चलते ग्रामीणों को अपने इलाज के लिए दूर-दराज शहरों तक जाना पड़ता है। जिससे समय व धन दोनों की बर्बादी होती है। आदर्श गांव होने के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र में न तो कोई डाक्टर है और न मूलभूत सुविधाएं। केंद्र की बिल्डिंग भी पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। केंद्र के पीछे बने हुए कमरे देखभाल न होने के चलते पूरी तरह से टूट चुके है और अब नशेड़ियों का अड्डा बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व केंद्र सरकार से मांग की है कि वे स्वास्थ्य केंद्र की हालत के सुधार के लिए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए।
केंद्र में डॉक्टरों के काफी समय पर पद रिक्त : ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर सिर्फ मरीजों को धक्के खाने के अलावा कुछ नहीं मिलता है। केंद्र में मुख्य चिकित्सक, दंत चिकित्सक सहित एल.टी. के पद काफी समय से खाली पड़े है। जिसको भरवाने को लेकर कई बार सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन हर बार जल्द ही रिक्त पद भरने का कोरा आश्वासन देकर ग्रामीणों को टरकाया जा रहा है। जिस कारण ग्रामीणों में सरकार, प्रशासन व विभाग के प्रति रोष पनपता जा रहा है।
इस बारे में गांव के सरपंच धर्मवीर सिंह ने बताया कि गांव के स्वास्थ्य केंद्र की हालत के बारे में कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है। केंद्र में डॉक्टरों की भर्ती के लिए अब वे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को स्वयं मिलकर इस समस्या से अवगत करवाएंगे। ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।