कैथल। सरकार द्वारा प्रदेश भर में स्वीकृत सफाई कर्मचारियों के 2139 पदों में से नगर परिषद कैथल में 207 पद स्वीकृत हुए हैं। जिससे सफाई कर्मचारियों को लाभ होगा। ईओ नगर परिषद ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार कर्मचारियों को लाभ दिया जाएगा। इसके लिए पत्र प्राप्त हुआ है।
कर्मचारी यूनियन के राज्य उप-महासचिव शिव कुमार ने बताया कि सरकार ने वर्ष 2014 में पत्र जारी किया था कि 400 लोगों पर एक सफाई कर्मचारी होना चाहिए, जिसके तहत यूनियन ने पूरे प्रदेश में अधिकारियों को मांग पत्र सौंपे थे, ताकि 400 लोगों के अनुपात पर सफाई कर्मचारी की मांग पूरी की जा सके। इसके बाद से वे इस मांग के लिए प्रयासरत थे। अब पता चला है कि सरकार ने नए पद स्वीकृत किए हैं। जिससे नगर परिषद कैथल में वर्ष 2019 में पैरोल पर आए कर्मचारियों को राहत मिलेगी। कैथल में 207 पद पहले हैं। इतने ही पद और स्वीकृत होने से बड़ी राहत मिलेगी। कर्मचारी यूनियन की मांग है कि अब रात्रि कालीन सफाई व डोर टू डोर के तहत कचरा एकत्रित करने में लगे कर्मचारियों को भी विभागीय पेरोल पर लिया जाए और ठेकेदारी प्रथा समाप्त की जाए।
ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने कहा कि एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें विभाग ने अतिरिक्त पद स्वीकृत किए हैं। इन पदों के स्वीकृत होने पर कर्मचारियों को जो भी लाभ दिया जाना है, वह नियमानुसार दिया जाएगा। शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।