जिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर से सेंपल लेकर जांच के लिए भेजे
जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आती, तब तक नहीं किए जाएंगे जिला अस्पताल में आंखों के ऑपरेशन
विवादित दवा को स्टॉक से निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। आंखों के ऑपरेशन में खराब हुई बुजुर्गों के आंखों के विवाद के बाद जिला अस्पताल में भी ऑपरेशनों पर फिल्हाल रोक लगा दी गई है। ऑपरेशन थियेटर से सेंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक यहां आंखों के ऑपरेशन नहीं होंगे।
जिला अस्पताल से डा. दिनेश कंसल ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार ऑपरेशन थियेटर से उस दवा के बैच को निकाल दिया गया है, जिस बैच को लेकर विवाद सामने आया है। स्टॉक से इस दवा को निकाल कर वापिस भेज दिया गया है। हांलाकि जरुरत के लिए ओर दवा है। लेकिन संबंधित बैच को निकाला गया है। इसके साथ-साथ पूरे ऑपरेशन थियेटर के सेंपल लेकर जांच के लिए करनाल भेजे गए हैं। इसमें दीवारों, टेबल सहित सारे सामान से सेंपल लेकर जांच की जाती है। ताकि मरीजों को इंफेकशन ना हो। करनाल से रिपोर्ट करीब सप्ताह भर में आएगी। इसके बाद ही ऑपरेशन किए जाएंगे। जब तक सेंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आती, तब तक आंखों के ऑपरेशन बंद रहेंगे।
सिविल सर्जन डा. सुरेंद्र नैन ने कहा कि सरकार द्वारा जो हिदायत जारी की गई है, उनका पालन किया जा रहा है। जिले में आंखों के ऑपरेशन को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है। हर रोज यहां करीब 8 से 10 ऑपरेशन किए जा रहे थे।