ट्रांसफार्मर खराब होने से परेशान किसानों ने किया प्रदर्शन
फोटो नंबर-17
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। क्षेत्र के खेतों में ट्रांसफार्मर खराब होने से प्रभावित हुई बिजली से परेशान किसानों ने सोमवार को सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में गांव सलेमपुर महदूद व पबनावा के किसान शामिल हुए।
जब एसडीओ ने उन्हें सात दिनों तक और इंतजार करने को कहा। इससे किसान और भड़क गए और कार्यालय के बाहर भाकियू प्रदेश महासचिव भूरा राम पबनावा के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी की। महदूद निवासी प्रेम चंद, रामपाल, रोशन लाल, बाबू राम, सतीश कुमार, जोगिंद्र, कृष्ण लाल, महावीर, सुखबीर, प्रदीप, रिंकू, शमशेर, पबनावा निवासी केशा राम, संजीव कुमार, डिंपल, पहल सिंह, प्रेम सिंह, रमेश, राजेश कुमार ने बताया कि एक महीने से उनके खेतों की बिजली सप्लाई नहीं मिल रही है। जिससे बासमती धान पानी की कमी से सूखती जा रही है। बिजली की समस्या के समाधान के लिए विभाग के कार्यालय में प्रतिदिन चक्कर काट रहे हैं। पबनावा ने विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि जानबूझ कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। पबनावा ने चेतावनी दी है कि अगर 2 दिनों के अंदर नया ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया तो भाकियू किसानों के साथ मिलकर बिजली विभाग के कार्यालय को ताला जड़ देगी और सड़कों पर बैठ जाएंगे।
विद्युत निगम ढांड के एसडीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि 33 केवी में रखा ट्रांसफार्मर खरब हो गया है। जिसके स्थान पर दूसरा ट्रांसफार्मर रखा जाना है। कंस्ट्रक्शन विभाग के अधिकारियों को इसे बदले के लिए पहले से ही सूचना दी जा चुकी है। उम्मीद है कि 7 दिनों तक नया ट्रांसफार्मर रख दिया जाएगा।