कैथल। नई अनाज मंडी में बनीं दो एसोसिएशन के बीच आढ़तियों की आवाज भी दो गुटों में बंट गई है। वीरवार को दोनों एसोसिएशनों के बैनर तले अलग-अलग बैठकों का आयोजन किया गया। जिसमें सरकार के लाइसेंस व ई-खरीद प्रणाली का विरोध किया गया। बैठकों के बाद जब द फूड ग्रेन डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी चयनित प्रधान कृष्ण मित्तल की दुकान पर उन्हें मंडी में साथ-साथ इस मामले में प्रचार करने पहुंचा तो कृष्ण मित्तल ने उन्हें बैरंग लौटा दिया। उन्होंने कहा कि जब एक साथ ही मिलकर चलना था तो नई एसोसिएशन बनाई ही क्यों? आढ़तियों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंच कर भी रोष प्रकट किया।
वीरवार सुबह पहली बैठक चयनित प्रधान कृष्ण मित्तल की अध्यक्षता में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में हुई। जिसमें फैसला लिया गया कि यदि मुख्यमंत्री कार्यालय से मिले 2 दिन के तय समय के दौरान आढ़तियों के लाइसेंस रिन्यू नहीं हुए तो शनिवार 13 अप्रैल से सरकार के खिलाफ कमेटी प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना देने या न देने की बात का फैसला किया जाएगा। पहले मंडी के एक मुनीम राजेश की दुर्घटना में मौत होने पर दो मिनट का मौन रखा गया। प्रधान मित्तल ने बुधवार को चंडीगढ़ दौरे के दौरान अधिकारियों व सीएम कार्यालय के आश्वासन के बारे में बताया। उन्होंने लाइसेंस मसले व ई-प्रणाली को लेकर मंडी के आढ़तियों से राय ली कि आगे क्या करना है। इसके बाद वे कमेटी कार्यालय गए और सचिव से उनके कहने से पहले किसी भी आढ़ती की रिन्यू की रसीद ने काटने की कही। इस अवसर पर राइस मिल एसोसिएशन के उप प्रधान मांगे राम, श्याम लाल नोच, महावीर मित्तल, पवन बंसल, ईश्वर जैन, हरिदास, राम नारायण, पवन कोटड़ा, जसमेर ढांडा मौजूद थे।
मार्केट कमेटी कार्यालय का किया घेराव : द फूड ग्रेन एसोसिएशन की बाद में हुई अलग बैठक में आनलाइन की चर्चा कर बाद में मंडी में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर मार्केट कमेटी का घेराव किया गया। जहां कमेटी चेयरमैन ने लाइसेंस रिन्यू करवाने और आन लाइन न करने की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की कह कर प्रदर्शन बंद करवाया। इससे पूर्व आढ़ती जिला अनाज मंडी अश्वनी शोरेवाला की अध्यक्षता में हुई। बैठक में दी कैथल फूड ग्रेन डीलर के प्रधान शमशेर मित्तल, पुरानी मंडी के प्रधान तरसेम, पूर्व मंडी प्रधान चंद्र भान किठानियां, श्याम बहादुर, सुभाष चंद, सुरेश चौधरी, देसराज, राजपाल चहल दो नई व पुरानी मंडियों के सैकड़ों आढ़ती मौजूद थे। बैठक में मंडी के अंदर प्रदर्शन करके कमेटी का घेराव करने का फैसला लिया गया। इसके बाद आढ़तियों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए सारी अनाज मंडी में प्रदर्शन किया और में मार्केट कमेटी का घेराव किया और मार्केटिंग बोर्ड व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस पर कमेटी के चेयरमैन राजपाल तंवर उठ कर आए और आढ़तियों को आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे। लाइसेंस उनके रिन्यू हर हाल में होगे। यदि उनके लाइसेंस रिन्यू नहीं हुए तो वे अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे।
मंडी में एक साथ चलकर विरोध करने के आह्वान पर कृष्ण मित्तल ने दिया दो टूक जवाब : नई गठित द फूड ग्रेन आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारी जब मंडी में दुकानों पर जाकर हड़ताल में शामिल होने के अपील कर रहे थे तो व प्रधान कृष्ण मित्तल की दुकान पर भी पहुंच गए। जहां उन्होंने कृष्ण मित्तल से अपील की कि दोनों एसोसिएशन एक साथ मंडी में चलकर आढ़तियों से काम काज बंद करने का आह्वान करें। इस पर प्रधान कृष्ण मित्तल ग्रुप के आढ़तियों ने कहा कि एक साथ काम करना था तो अलग एसोसिएशन ही क्यों बनाई? उन्हें बुला कर उनसे इस्तीफा ले लेते। लेकिन अलग एसोसिएशन बनाकर आढ़तियों का नुकसान किया जा रहा है। इसके बाद पदाधिकारी वहां से चले गए।