अमर उजाला ब्यूरो
पूंडरी। प्रदेश के कृषि एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि गुरुकुल परंपरा आदिकाल से चली आ रही परंपरा है। जहां पर शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का प्रवाह भी होता है। वे रविवार को गांव अहमदपुर के पास करनाल रोड पर स्थित गुरुकुल तक्षशिला के उद्घाटन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कृषि मंत्री ने कहा कि गुरुकुल शिक्षा और सनातन संस्कृति के बल पर ही भारत विश्व गुरु कहलाता है। समाज पर पड़ रहे पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव और बच्चों में हो रहे नैतिक मूल्यों के पतन के चलते गुरुकुल शिक्षा का होना बहुत जरूरी है। इससे बच्चों में मानवीय मूल्य विकसित होते थे। स्वामी विवेकानंद, स्वामी श्रद्धानंद, स्वामी दयानंद, भगवान राम, गुरु वशिष्ठ व अन्य महापुरुषों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने समाज के सम्मुख अपने जीवन का एक उदाहरण प्रस्तुत किया। बच्चों में 5 प्रकार के बल होते हैं, जिनकी शिक्षा अध्यापकों को देनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलायत के विधायक जयप्रकाश ने की। गुरुकुल की तरफ से ऋषि पाल गहलोत, डा. कुलबीर अहलावत ने मुख्यातिथि व अन्य मेहमानों को पगड़ी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। प्रो. सविता गहलोत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री नरेंद्र शर्मा, पूर्व सीपीएस सुल्तान सिंह जडौला, आचार्य चैतन्य, आचार्य अग्रि देव, रामफल आर्य, कृष्ण आर्य टयोंठा, जोगिंद्र सिंह गुलिया, प्राचार्य डा. संत कौशिक भी मौजूद थे।
कांग्रेस की रथ यात्रा घायल, साइकिल यात्रा कहीं दिख नहीं रही : धनखड़
पूंडरी। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण तथा विकास एवं पंचायत विभाग के मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस खुद कई गुुटों में बंटी हुई है, उनके पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा निकाली जा रही रथ यात्रा को घायल अवस्था में है, वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की साइकिल यात्रा प्रदेश की सड़कों पर कहीं नजर नहीं आ रही है। धनखड़ आज भाजपा नेता रणधीर गोलन के प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। धनखड़ ने कहा कि सरकार द्वारा ग्राम विकास की अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है तथा भविष्य में इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की आमदनी को सुनिश्चित करने के लिए कुछ फसलों पर 50 प्रतिशत मुनाफे के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। सरकार द्वारा गेहूं तथा धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ढांड, मंडल अध्यक्ष संजीव गामड़ी, अधिवक्ता अमित गोलन सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
गुरुकुल में शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का होता है प्रवाह : ओपी धनखड़
गांव अहमदपुर के पास गुरुकुल तक्षशिला के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे थे कृषि एवं पंचायत मंत्री
फोटो संख्या-39 व 40