संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा नवोदय विद्यालय समिति की ओर से जिले के तितरम गांव स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रवेश परीक्षा में कुल 466 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आंकड़ों के अनुसार, नौवीं के लिए हुई प्रवेश परीक्षा में 128 और 11वीं के दाखिले के लिए 55 यानी कुल 183 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे।
इसमें दोनों कक्षाओं के लिए जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। ये परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कमेटी चौक व तितरम गांव में जवाहर नवोदय विद्यालय में बनाए गए थे।
परीक्षा में दोनों कक्षाओं के 649 में से 466 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें नौंवी के 513 में 385 विद्यार्थी हाजिर रहे। इसी प्रकार 11वीं कक्षा में 136 में 81 विद्यार्थी हाजिर रहे। यह परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू हुई और दोपहर डेढ़ बजे तक जारी रही। परीक्षा केंद्र में उड़नदस्ता के रूप में विशेष टीमों का भी गठन किया गया था।
नौवीं की परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:15 से दोपहर 1:45 बजे तक तथा 11वीं के लिए परीक्षा का समय सुबह 11:00 से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया था।
तितरम गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य सुचिता गुप्ता ने बताया कि कक्षा नौवीं और 11वीं में प्रवेश के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए 466 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने बताया कि प्रदेश के जिलों में स्थापित जवाहर नवोदय विद्यालयों में प्रवेश के लिए शनिवार को ही परीक्षा ली गई है। इस परीक्षा में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों ने काफी समय पहले ही ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद शनिवार को विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है।