निजी कॉलेज के प्रोफेसर ने प्रिंसिपल पर दुर्व्यवहार करने का लगाया आरोप, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पूंडरी में एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर ने प्रिंसिपल पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पूंडरी पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर अशोक कुमार की शिकायत पर कॉलेज के प्रिंसिपल सुभाष तंवर, विश्वजीत सिंह व नरेश पाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
प्रो. अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने कॉलेज में 2007 में ज्वाइन किया था। शुरू से ही कॉलेज के प्रिंसिपल सुभाष तंवर मुझे अपमानित कर रहे हैं। प्रिंसिपल ने उच्चाधिकारियों को शिकायत करके मुझे 29 दिसंबर 2016 से 17 जुलाई 2018 तक सस्पेंड करवा दिया। प्रो. ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल ने मेरी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट पर साइन भी नहीं किया। इस वजह से मेरी प्रोमोशन भी रुकी हुई है। प्रिंसिपल ने उसके वैकल्पिक लाभ भी रोके रखे और बकाया राशि भी रोक रखी है। उच्चाधिकारियों को भी प्रिंसिपल ने गुमराह किया। उसने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल के उकसाने पर नरेशपाल व विश्वजीत ने उसके लॉकर का ताला तोड़कर बच्चों का हाजिरी रजिस्टर व कुछ हस्ताक्षर किए हुए चेक भी चुरा लिए। बिना सच्चाई जाने प्रिंसिपल ने मेरे खिलाफ कागजात गुम करने का मामला भी दर्ज करवा दिया और बाद में समझौते के लिए चार आदमियों को मेरे पास भेज दिया। इसके अलावा प्रिंसिपल ने मुझे जातिसूचक शब्द भी कहे।
एसपी वसीम अकरम ने बताया कि पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच डीएसपी कृष्ण कुमार को सौंपी है।