कैथल। कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। स्नातक पाठ्यक्रमों में विद्यार्थी रविवार तक दाखिला ले सकते हैं। यूजी के लिए दाखिले की तारीख बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में अब अगर दाखिले से चूक गए, तो फिर पूरे एक साल तक इंतजार करना पड़ेगा।
वहीं स्नातकोत्तर में दाखिलों के लिए शुक्रवार को पंजीकरण की अंतिम तिथि थी और अब पीजी में 24 अगस्त को अंतिम मेरिट सूची जारी होगी। हालांकि कॉलेजों में यूजी में दाखिलों की प्रक्रिया पूरी होने में सिर्फ दो दिन शेष हैं, लेकिन सभी कॉलेजों में अब भी 100 प्रतिशत सीटें नहीं भर सकी हैं। यूजी में सबसे ज्यादा 1738 दाखिले आरकेएसडी कॉलेज में हुए हैं। उसके बाद इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में 731 और सबसे राजकीय कॉलेज कैथल में 350 दाखिले अब तक हुए हैं।
पीजी में दाखिलों का शेड्यूल : स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि थी, लेकिन आवेदन पत्र में ओटीपी से संशोधन की सुविधा शनिवार तक रहेगी। उसके बाद दस्तावेज सत्यापन व आपत्ति निवारण की प्रक्रिया 23 अगस्त तक चलेगी। प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार अस्थायी प्रथम मेरिट सूची 23 अगस्त और अंतिम मेरिट सूची 24 अगस्त को जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थी 25 से 27 अगस्त तक शुल्क जमा कर सकेंगे। प्रथम चरण के बाद रिक्त सीटों के लिए 28 अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग होगी और 29 को दाखिला पोर्टल फिर से खोला जाएगा और वंचित युवा 30 अगस्त से 5 सितंबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ और 6 से 12 सितंबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क के अतिरिक्त प्रतिदिन 100 रुपये शुल्क के साथ प्रवेश ले सकेंगे।