कैथल। गांव उमेदपुर में कार की आरसी और वीआईपी नंबर दिलाने के नाम पर 1. 70 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में सीवन थाना पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव उमेदपुर निवासी हाल निवासी डीएवी कॉलोनी सीवन बक्शा सिंह ने बताया कि उन्होंने जुलाई 2025 में एक स्कॉर्पियो कार खरीदी थी। कार खरीदने में नायरा कार प्वाइंट सीवन के संचालक विकास ने मदद की थी। आरोप है कि विकास ने कार की आरसी और वीआईपी नंबर बनवाने के नाम पर उससे 1.70 लाख रुपये लिए जिनमें 50 हजार रुपये वीआईपी नंबर के लिए शामिल थे।
कई बार पंचायत और समझौते होने के बावजूद आरोपी न तो आरसी बनवाकर दे सका और न ही पैसे लौटाए। आरोप है कि आरोपी ने कई बार भुगतान के लिए ऐसे चेक दिए जो बंद खातों के थे। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। जांच अधिकारी एसआई संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगामी जांच शुरू कर दी है।