कैथल। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से 163 किलो 755 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। नशा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंडवाल गांव निवासी राजविंद्र सिंह उर्फ राजा और कश्मीरा सिंह के रूप में हुई है। दोनों पुणे (महाराष्ट्र) से 30 फ्रीज लोड कर ट्रक कंटेनर में लुधियाना जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त खरीदा और उसे फ्रीज के साथ छिपाकर ले जा रहे थे।
विज्ञापन
एसपी उपासना ने बताया कि 24 सितंबर की शाम पुलिस टीम एनएच-152 पुल के नीचे गांव नरड़ के पास गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास खड़ा एक ट्रक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ
लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर दबिश देकर ट्रक में बैठे दोनों संदिग्धों को काबू किया गया।
तलाशी के दौरान ट्रक के कंटेनर में रखे 10 प्लास्टिक कट्टों से 163 किलो 710 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को थाना तितरम पुलिस ने गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।