संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद कार्यालय, नगर पालिका कार्यालयों व बीडीपीओ कार्यालयों में चल रहे समाधान शिविरों में बुधवार को 16 शिकायतें आईं। इनमें से महज चार का निपटारा हो सका। अन्य के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीसी प्रीति के मार्गदर्शन में नगर परिषद कार्यालय, नगर पालिका कार्यालयों व बीडीपीओ कार्यालयों में निरंतर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अधिकारियों की ओर से आमजन की समस्याएं सुनी जा रही हैं। बुधवार को जिले के सभी समाधान शिविरों में जो शिकायतें नहीं निपट सकीं, उनके त्वरित निपटान के लिए संबंधित अधिकारियों को डीसी ने निर्देश दिए। नगर परिषद कैथल में कुल 13 शिकायतें आई। इनमें से एक शिकायत का मौके पर समाधान किया, एक शिकायत रिजेक्ट हो गई और अन्य के समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पालिका चीका में एक शिकायत प्राप्त हुई और जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं, बीडीपीओ कार्यालयों की बात करें तो कलायत में दो शिकायतें आई और दोनों का मौके पर समाधान किया गया।
गौरतलब है कि जिले की प्रत्येक नगर पालिका और बीडीपीओ कार्यालयों व नगर निगम के दफ्तरों में प्रत्येक कार्य दिवस पर समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान आमजन की प्रॉपर्टी आईडी व स्वामित्व योजना से जुड़ी शिकायतों को सुना जा रहा है और उनका मौके पर संबंधित अधिकारियों की ओर से समाधान भी किया जा रहा है।