कैथल। गांव मंडवाल के खेतों में मिलावटी अंग्रेजी शराब तैयार करने वाले गिरोह के सदस्य को सीआईए-1 पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। पूूछताछ के बाद आरोपी को करनाल पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई एक दिन के राहदारी रिमांड पर ले गई।
गौरतलब है कि 8 दिसंबर की शाम सीआईए-1 पुलिस द्वारा मंडवाल के खेतों में बने कोठे से 38 पेटी मिलावटी अंग्रेजी शराब, 12 पेटी हल्की क्वालिटी की अंग्रेजी शराब, हजारों खाली शराब की बोतलें तथा जाली होलोग्राम बरामद किए थे। गिरोह के सदस्य नकली शराब तैयार कर समीपवर्ती क्षेत्र व पंजाब के ठेकों पर सप्लाई करते हुए आम व्यक्ति के जनजीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे थे।
एसपी वसीम अकरम ने बताया कि सीआईए-1 पुलिस के सहायक उप निरीक्षक जोगिंद्र सिंह की टीम द्वारा मिलावटी शराब तैयार करने के मामले में वांछित मुख्य आरोपी सुनील कुमार निवासी करोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी शराब ठेके में हिस्सेदारी बताई गई थी।
विदित रहे कि 8 दिसंबर 2018 की शाम सीआईए-1 पुलिस द्वारा गांव मंडवाल के खेतों में बने कोठा पर दबिश देते हुए 50 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। जिनमें से 38 पेटी उच्च मार्का के बोगस नाम से मिलावटी शराब पाई गई। पुलिस ने इस गिरोह के 5 अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके है। आरोपी सुनील कुमार की करनाल पुलिस को भी किसी मामले में तलाश थी, जिसकी गिरफ्तारी बारे कैथल पुलिस द्वारा दी गई सूचना के आधार पर कैथल पहुंची करनाल पुलिस नियमानुसार कार्रवाई अंतर्गत गिरफ्तार कर ले गई।