कटे हुए लैंडलाइन नंबर की मोबाइल पर आएगी कॉल...
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बाजार में एंड्रायड मोबाइल की वर्चस्व के बाद से कटाए गए लैंड लाइन कनेक्शन के उपभोक्ताओं को फिर से आकर्षित करने के लिए बीएसएनएल ने अनूठी स्कीम ‘असीम’ की शुरुआत की है। इससे लोग लैंडलाइन के इन पुराने नंबर से जुड़ सकेंगे। इस नंबर पर की गई कॉल मोबाइल पर आएगी। इसके लिए महज कुछ रुपये चुकाकर उपभोक्ता एक वर्ष तक स्कीम का लाभ उठा सकते हैं। बता दें कि जिले में फिलहाल 15 हजार लैंडलाइन कनेक्शन है जो कुछ वर्ष पहले 50 हजार के करीब थे। मोबाइल फोन का जमाना आने से लैंडलाइन फोन तेजी से कट रहे हैं।
99 और 199 रुपये की स्कीम
असीम योजना के तहत उपभोक्ता को एक साल के लिए राशि का भुगतान करना होगा। यदि उपभोक्ता बीएसएनएल का मोबाइल नंबर इसके लिए पंजीकृत करवाने के लिए 99 और अन्य ऑपरेटर को 199 रुपये का भुगतान करना होगा।
लोगों में स्कीम के प्रति उत्साह:- यह स्कीम कुछ दिन पहले ही लांच हुई है। इसके प्रति लोगों का काफी उत्साह है। स्कीम के तहत अब तक जिला में करीब 100 लोगों ने इस स्कीम का लाभ उठाया है।
राजेश कुमार, एसडीओ, बीएसएनएल