जन स्वास्थ्य विभाग ने पाइप लाइन की वैकल्पिक व्यवस्था की शुरू
अब ड्रेन का पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की बनी आस
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित रेलवे रोड पर स्थित ड्रेन के पुल निर्माण का कार्य अब साफ होता नजर आ रहा है। यहां पहले वन विभाग द्वारा पेड़ हटाने के कार्य में देरी हुई। बाद में जनस्वास्थ्य विभाग की पाइपलाइन के कारण लंबे समय तक यह मामला लटका रहा। अब विभाग ने ये पाइपलाइन हटाने का काम शुरू कर दिया है तो पुल निर्माण कार्य में अब तेजी आने की संभावनाएं हैं।
जन स्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता बलराज सिंह रेढू ने बताया कि पेयजल आपूर्ति के लिए वैकल्पिक तौर पर पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। आने वाले 3-4 दिनों में इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के दौरान नगर में एक दिन पेयजल सप्लाई में बाधा आ सकती है। जिसकी सूचना पहले ही नगर वासियों को दे दी जाएगी।
सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता आरएस मित्तल ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा अपनी प्रक्रिया पूरी की हुई है। वह कार्य शुरू करवाने के लिए तैयार बैठा है। उन्होंने बताया कि जैसे ही जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पाइप लाइन बिछाने के साथ उन्हें इसकी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी उसके साथ ही पुल निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।