कैथल। खेतों में खड़ी फसल की गिरदावरी टैब से किए जाने के आदेशों के बावजूद गांव खरक पांडवा के पटवारी ने पारंपरिक ढंग से गिरदावरी किया। इस पर डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने पटवारी राकेश को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही आदेश दिए कि जिले में सभी पटवारी एक सप्ताह में ई-गिरदावरी के तहत टैब के माध्यम से गिरदावरी का डाटा अपलोड करना सुनिश्चित करें।
डॉ. प्रियंका सोनी जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार और अन्य अधिकारियों के साथ जिले केे विभिन्न गांवों में गिरदावरी की पड़ताल कर रही थी। उन्होंने खरक पांडवा गांव की गिरदावरी की पड़ताल करते समय मौके पर मौजूद पटवारी राकेश को टैब के माध्यम से की जाने वाली ई-गिरदावरी का डेमो दिखाने को कहा, जो इसमें विफल रहे। इस दौरान डीसी के संज्ञान में आया कि पटवारी द्वारा ई-गिरदावरी के आदेशों की उल्लंघना की गई है और पारंपरिक ढंग से ही गिरदावरी की गई है। डॉ. प्रियंका सोनी ने ड्यूटी में इस कोताही का कड़ा संज्ञान लेते हुए जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि वे खरक पांडवा के पटवारी राकेश को तुरंत प्रभाव से निलंबित करें।
कीचड़ से भरी गली में होता है जलभराव : डीसी ने खरक पांडवा निवासियों की कीचड़ से भरी गली की सफाई करवाने के अनुरोध पर मौके पर जाकर गली में जल भराव का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे यथाशीघ्र इस समस्या का समाधान करवाएंगी।
तीन गांवों में मौके पर जाकर हासिल की जानकारी : डॉ. प्रियंका सोनी ने तितरम गांव की गिरदावरी की पड़ताल की और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पटवारी की उपलब्धता के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने मौके पर विभिन्न खेतों की रजिस्टर में दर्ज गिरदावरी की पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की हिदायतों के अनुसार ई-गिरदावरी के कार्य को पूर्ण करें। इसके उपरांत उन्होंने माघो माजरी और पट्टी खौत के खेतों में जाकर राजस्व विभाग द्वारा दर्ज की गई गिरदावरी की पड़ताल की व संबंधित अधिकारियों को गिरदावरी के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा एक सप्ताह में ई-गिरदावरी का डाटा अपलोड करवाना सुनिश्चित किया जाए।
माघो माजरी के पटवारी ने कहा कि उनका टैब नहीं चल रहा : निरीक्षण के दौरान माघो माजरी के पटवारी ने कहा कि उनका टैब नहीं चल रहा। इसकी लिखित में जानकारी विभाग को दी गई है। डीसी ने कहा कि एक सप्ताह में सभी पटवारी आंकड़े अपलोड करें।
इस मौके पर एसडीएम अनिल नागर, जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार, कैथल के तहसीलदार छोटू राम, संबंधित गांवों के सरपंच, नंबरदार तथा गणमान्य व्यक्तियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।