सत्तापक्ष के पार्षद भी घूमने के लिए निकले
नगर परिषद कैथल के चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नगर परिषद कैथल चेयरमैन यशपाल प्रजापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मामले में अब सत्तापक्ष के भी करीब 9 पार्षद घूमने के लिए निकल गए। चेयरमैन को छोड़कर 9 पार्षद घूमने के लिए गए हैं। वहीं असंतुष्ट पार्षदों का खेमा पहले से ही शहर से बाहर है। अब दोनों खेमों द्वारा अपने-अपने पक्ष में पार्षदों की संख्या बढ़ाए जाने पर एड़ी-चोटी का जोर लगा हुआ है।
डीसी सुनीता वर्मा ने हाईकोर्ट के आदेशों पर 17 अगस्त को नगर परिषद भवन में पार्षदों की बैठक बुलाई है। जिसमें 22 पार्षदों द्वारा की गई अविश्वास प्रस्ताव पारित किए जाने की मांग के तहत अविश्वास के मामले में चर्चा होगी। दो दिन पूर्व असंतुष्ट पार्षदों के खेमे से एक पार्षद सत्तापक्ष की ओर आ गया है। अभी तक सत्तापक्ष के पास 10 व असंतुष्ट खेमे के पास 21 पार्षदों का समर्थन होने की सूचना है। नई कवायद के बीच सोमवार को सत्तापक्ष के 9 पार्षद धार्मिक स्थल की यात्रा पर निकल गए। चेयरमैन यशपाल प्रजापति फिलहाल कैथल में ही हैं।
17 पार्षदों के समर्थन का दावा
परिषद भवन में हुई बैठक, विरोधी खेमे का भी दावा, उनके पास बहुमत, अविश्वास प्रस्ताव पारित होगा
फोटो संख्या-20
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। आगामी 19 अगस्त को जिला परिषद अध्यक्ष सुखविंद्र कौर व उपाध्यक्ष मनीष कठवाड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव संबंधी बैठक की कवायद में सोमवार को जिला परिषद भवन में सत्तापक्ष की बैठक हुई। जिसमें चेयरमैन प्रतिनिधि हरदीप आंधली और वाइस चेयरमैन मुनीष कठवाड़ एडवोकेट की अध्यक्षता में 6 पार्षदों व 10 पार्षद प्रतिनिधियों के भाग लेने का दावा करते हुए कुल 17 पार्षदों के समर्थन का एलान कर दिया गया। बैठक में पार्षदों में मुनीष कठवाड़ वाइस चेयरमैन, इंद्र पाई, रवि तारांवाली, सुरजीत पबनावा, मूसिया, रति राम, राजेश राणा तथा चेयरमैन प्रतिनिधि हरदीप आंधली, पार्षद प्रतिनिधि जगमग मटोर, रणवीर कुराड़, राममेहर करोड़ा, शेरा भागल, जय प्रकाश बलबेड़ा, अनिल सैनी, सुरेंद्र सिरसल, भूल्ला राम शामिल हैं।
जिला परिषद की चेयरपर्सन सुखविंद्र कौर आंधली तथा वाइस चेयरमैन मुनीष कठवाड़ ने कहा कि शुरू से ही वे सभी पार्षदों को साथ लेकर चल रहे हैं। सभी पार्षद पहले भी उनके साथ थे, अब भी हैं और बाद में भी रहेंगे। 19 अगस्त को होने वाली बैठक में अविश्वास प्रस्ताव अपने आप गिर जाएगा।
दूसरी ओर असंतुष्ट खेमे की पार्षद अंजू जागलान ने कहा कि उनके पास बहुमत और और 19 अगस्त की बैठक में चेयरमेन व वाइस चेयरमेन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव जरुर पारित होगा। सोमवार को जो बैठक हुई है, उसमें केवल 6 जिला पार्षद थे।