भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रखे विचार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। आरकेएसडी कालेज के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से वीरवार को भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने क्रांतिकारी व विवेकशील विचारों से देश की आजादी के 70 साल बाद के परिप्रेक्ष्य में अपने विचार रखे।
विभागाध्यक्ष डॉ. सीबी सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई भाषण प्रतियोगिता में भारत की आजादी के 70 साल तथा भारत छोड़ो आंदोलन के 75 साल विषय पर विद्यार्थियों की अभिव्यक्तियां प्रभावित करने वाली थी। डॉ. सुदेश बंसल की अगुवाई में गठित कमेटी के दिए निर्णय अनुसार पूर्णिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, मानसी भारद्वाज व दीपक द्वितीय रहे तथा शीला, रितू वर्मा, मोनू, पूनम व लोकस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कालेज के होनहार छात्र हिम्मत सिंह ने अपनी कविता के माध्यम से अपने विचारों का साझा किया। विद्यार्थी वक्ताओं में मानसी भारद्वाज ने आजादी के बाद न्यायिक प्रणाली की वर्तमान व्यवस्था, चुनौतियां व जनसंख्या के आधार पर न्यायाधीशों की कम व्यवस्था को लेकर अपने विचार व्यक्त किए, तो दीपक ने लोकतंत्र के समक्ष आई चुनौतियों से पार पाकर देश किस तरह से आगे बढ़े इस पर अपनी अभिव्यक्ति दी। विचार रखने वाले विद्यार्थियों में लवकुश, रजनीश, पूनम, हंसराज शामिल रहे। विभागाध्यक्ष डॉ. सीबी सैनी ने विद्यार्थियों को देश की आजादी से पहले और बाद के हालातों से जोड़ते हुए कहा कि आजादी के 70 साल बाद जीवन मूल्यों के स्वरूप में परिस्थितियों के अनुसार बदलाव आए। उन्होंने विजेता बच्चों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. अशोक अत्री, प्रो. श्री ओम, डॉ. सुरेंद्र आर्या, डा सुदेश बंसल सहित रमेश कुमार, मनीषा शर्मा व राहुल गोयल मौजूद रहे।