संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सजूमा गांव में एक युवक को जर्मनी भेजने के नाम पर उससे साढ़े 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में कलायत थाने में पीड़ित युवक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। इसके बाद पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कलायत थाना में दी गई शिकायत में सजूमा निवासी श्रीपाल ने बताया कि उसका बेटा कुलदीप विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने एजेंट लक्ष्मीनारायण उर्फ विनोद, उसकी पत्नी सुशीला और विलेश से बात की। आरोपियों ने कुलदीप को जर्मनी भेजने की बात कही और उसके दस्तावेज ले लिए। इसके साथ ही अप्रैल और मई 2024 में उससे 12.5 लाख रुपए भी ले लिए।
रुपये लेने के बाद आरोपियों ने कहा कि वे जल्द ही कुलदीप को जर्मनी भेज देंगे। काफी इंतजार करने के बाद जब आरोपियों ने उसके बेटे को विदेश नहीं भेजा तो उसने इस संबंध में एजेंटों से बातचीत की। फिर भी आरोपी उसे झांसा देते रहे।
आरोपियों ने उसके बेटे को विदेश नहीं भेजा। तंग आकर जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो वे भी नहीं दिए। उल्टा उन्हें ही धमकी दी कि रुपये मांगे तो जान से मार देंगे। इस तरह आरोपियों ने धोखाधड़ी की। कलायत थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।