संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अमेरिका भेजने के नाम पर युवक को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में हुए आर्थिक प्रकोष्ठ के एएसआई महेंद्र सिंह की टीम ने दुसैन निवासी आरोपी नवजोत उर्फ जोधा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मोहना निवासी कुलदीप ने शिकायत दी कि जून 2024 में मोहना गांव में उसकी मुलाकात दुसैन निवासी नवजोत सिंह से हुए। नवजोत सिंह ने कहा कि वह रजिस्टर्ड ट्रेवल एजेंट है और वे एक नंबर में डायरेक्ट अमेरिका भेजते है। उसने बेटे युवराज को अमेरिका भेजने के लिए उकसाया।
उन्होंने उसकी बातों में आकर अपने बेटे युवराज को अमेरिका भेजने की बात उससे की तथा 41 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात हुई और कहा कि सारे रुपये अमेरिका पहुंचने के बाद देने है। युवराज को 13 अक्तूबर 2024 को प्लेन से भारत से रवाना कर दिया। 17 अक्तूबर को आरोपी उनसे 16 लाख रुपये की मांग करने लगे तथा उन्होंने 16 लाख रुपये दे दिए। 19 दिसंबर को व्हाट्सएप पर उनके पास मैसेज आया कि आपके बेटे युवराज को ग्वाटेमाला देश में अगवा कर लिया है व युवराज को मारते पीटते की वीडियो भी भेजा। उसे छोड़ने के लिए 20 हजार डॉलर मांगे थे।
उन्होंने एजेंटों से संपर्क किया तो उनको बोला गया कि अन्य डोंकरो ने युवक को अगवा कर लिया है, रुपये तो देने पडेंगे। डर के मारे उन्होंने आठ लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। पूंडरी थाने में यह केस दर्ज कराया गया था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। व्यापक पूछताछ के लिए पुलिस ने उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया है।