आज से एक महीने के लिए बंद होंगे मांगलिक कार्य,18 अप्रैल से दोबारा 36 दिन शुभ मुहूर्त का बन रहा संयोग
सूर्य के मीन राशि में चले जाने पर 14 मार्च को लगेगा मलमास, नहीं हो सकेंगे मांगलिक कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मकर संक्रांति से चल रहे मांगलिक कार्यों पर बुधवार को ब्रेक लग जाएगा। इसके बाद 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर पुन: मांगलिक कार्य शुरू होंगे। 11 जुलाई तक 36 दिन मांगलिक कार्य व शादी विवाह के लिए शुभ व फलदायी मुहूर्त रहेंगे। फिलहाल 14 मार्च को सूर्य के मीन राशि में चले जाने से मलमास लग जएगा, जो 14 अप्रैल को पूरा हो रहा है। ऐसे में महीने भर तक मांगलिक, वैवाहिक कार्य नहीं हो सकेंगे।
नव सम्वत् 18 मार्च से शुरु : विक्रम नव सम्वत् 2075 का शुभारंभ 19 मार्च से होगा। इस नव वर्ष का नाम विरोध कृत रहेगा। चैत्र नवरात्र तक सूर्य राजा व मित्र रहेंगे। चैत्र नवरात्र लगातार चौथे साल में 9 दिन की रहेगी। अष्टमी और नवमी तिथि 25 मार्च को एक दिन होने से यह स्थिति बनी है।
अप्रैल से जुलाई तक शुभ मुहूर्त : पंडित प्रेमशंकर शास्त्री ने बताया कि अप्रैल से जुलाई तक के समय में शुभ व मांगलिक कार्यों के लिए 36 दिन शुभ रहेंगे। 18, 19, 24, 25, 27, 28 व 30 अप्रैल और मई में 1 से 13 मई तक लगातार, जून में 19 से 29 जून तक लगातार व जुलाई में 5, 6, 9, 10 व 11 जुलाई को विशेष शुभ मुहूर्त रहेंगे।
23 जुलाई को सो जाएंगे देव : पंडित प्रेम शंकर शास्त्री के मुताबिक 11 जुलाई के बाद शुभ मुहूर्त नहीं है। 23 जुलाई को देवशश्री एकादशी को संसार के पालनहार भगवान विष्णु पाताल लोक में राजा बलि के घर विश्राम करने के लिए जाते हैं। इस दौरान मांगलिक कार्य व वैवाहिक कार्यक्रम भी नहीं होंगे।