भाजपा की बैठक में पुलिस की तैनाती का मामला गहराया
पार्टी आला कमान पुलिस की तैनाती से नाराज
आरएसएस सहित भाजपा के बड़े नेताओं की बैठक में हुई चर्चा
सनातन धर्म मंदिर में अब नहीं होगी किसी राजनीतिक दल की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शुक्रवार को सनातन धर्म मंदिर में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक में पुलिस की तैनाती पर पार्टी आला कमान नाराज है। शुक्रवार को भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक के दौरान सनातन धर्म मंदिर के बाहर पुलिस तैनात की गई थी। यहां भाजपा के कई नेताओं ने पुलिस बुलाए जाने पर आपत्ति जताई गई थी। इतना ही नहीं मंदिर में कुछ नेताओं द्वारा हथियार लेकर जाने की बातें भी सामने आई थीं। इस बात को पार्टी के नेताओं ने गंभीरता से लिया।
सूत्रों ने बताया कि शनिवार को भाजपा सहित संघ के नेताओं की एक गोपनीय बैठक हुई। जिसमें इस विषय पर चर्चा की गई। नेताओं में इस बात को लेकर नाराजगी थी कि भाजपा की बैठक में पुलिस तैनात किए जाने की क्या आवश्यकता थी। किसके कहने पर आखिर पुलिस तैनात करवाई गई। जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा ली गई बैठक में भी महज सीएम व राष्ट्रीय अध्यक्ष के ही एक-एक सुरक्षा कर्मी तैनात थे। ऐसे में यहां ऐसी क्या जरूरत थी कि पुलिस तैनात करनी पड़ी।
इस संबंध में एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने कहा कि चूंकि पिछले दिनों एक नगर पार्षद पर हमला हुआ था। इसी संदर्भ में एहतियातन पुलिस मंदिर के बाहर तैनात की गई थी।
दूसरी ओर जिला अध्यक्ष सुभाष हजवाना ने कहा कि उनका कार्य केवल बैठक आयोजित करवाना था। उन्हें इस विषय में जानकारी नहीं हैं। प्रभारी सत्यवान शेरा ने पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार के लिए निर्देश दिए हैं। उस संदर्भ में कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के लिए कहा गया है।