नैक के निरीक्षण के लिए आरकेएसडी कालेज में तैयारियां पूरी
कैथल। आरकेएसडी पीजी कालेज की सितंबर मास में होने वाली राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं मान्यता परिषद यानी नैक के संभावित निरीक्षण के दृष्टिगत कालेज पूरी तरह तैयार है। कालेज प्रिंसिपल डॉ. ओपी गर्ग ने बताया कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणात्मक, मूल्यात्मक एवं नैतिकता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर बल दिया जाता है तथा एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के रूप में स्थापित आरकेएसडी महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करके विद्यार्थी सम्मानित पदों पर आसीन होकर राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। लाइब्रेरी, प्रशासनिक खंड को पूरी तरह कंप्यूटरीकृत किया गया है तथा सभी विभागानुसार साल के दौरान करवाई जाने वाली गतिविधियों को तय समय के अनुसार करवाया जा रहा है। कालेज में विश्वविद्यालय स्तर की जियोग्राफी की लैब स्थापित कर ली गई है। प्रिंसिपल ने बताया कि कालेज में शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों तथा विद्यार्थियों की परेशानियों को दूर करने के दृष्टिगत 28 कमेटियां गठित की गई हैं जिनके माध्यम से विद्यार्थी अनुकूल वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर अपनी तालीम को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नैक यानी राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं मान्यता परिषद द्वारा 5 साल में एक बार कालेज का निरीक्षण किया जाता है और कालेज में सुविधाओं में हुए इजाफे व विद्यार्थियों को दी जा रही गुणात्मक शिक्षा के दृष्टिगत किए गए प्रबंधों के आधार पर नैक द्वारा कालेज को रैंक प्रदान किया जाता है।