कैथल। नगर निकाय चुनाव में प्रति बूथ वोटर संख्या 1200 निर्धारित की गई है। इस वजह से 12 नई ईवीएम मंगाई गई हैं। गौरतलब है कि नगर परिषद चुनाव में पहले 1500 वोट प्रति बूथ की दर से अधिकतम मतदाता संख्या तय की थी लेकिन चुनाव आयोग के निर्देश के बाद कोविड को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है। इस कारण अब शहर में एक लाख छह हजार वोटों के लिए बूथों की संख्या 82 से बढ़कर 103 हो गई। अब इस हिसाब से नगर परिषद चुनावी तैयारी कर रही है।
ईओ कुलदीप मलिक ने बताया कि कई ईवीएम रिजर्व में भी रखी जाएंगी ताकि आपात स्थिति में इनका प्रयोग किया जा सके। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार एसडीएम की अगुवाई में सभी तैयारी जारी हैं। पूर्व में शहर में 220 ईवीएम मौजूद थीं लेकिन अब इनकी संख्या 232 करनी पड़ी है। बुधवार को नगर परिषद के कर्मचारी 12 नई ईवीएम चंडीगढ़ से लेकर आए। साथ ही बूथ पर आवश्यकता अनुसार स्टेशनरी व अन्य सामान लाया गया। नए बूथ बनाकर नगर परिषद की ओर से नई पोलिंग पार्टियां भी गठित की गई हैं।
कैथल नगर परिषद में 14 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
कैथल। नगर परिषद चेयरपर्सन व पार्षदों के होने वाले चुनाव के लिए बुधवार को 14 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इससे पहले मंगलवार को तीन उम्मीदवार पर्चा भर चुके हैं। इस प्रकार अब तक कुल 17 उम्मीदवार नामांकन पत्र भर चुके हैं। तीसरे दिन भी चेयरपर्सन पद के लिए किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। दो जून को अवकाश रहेगा। इस वजह से तीन व चार जून को नामांकन पत्र भरने के लिए उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ेगी।
नामांकन भरने वालों में वार्ड नंबर-1 दलबीर भान, वार्ड नंबर-2 से सीमा वर्मा व अमनदीप कौर, वार्ड नंबर-4 से महेश कुमार व अंशू रानी, वार्ड नंबर-7 से अश्विनी कुमार व अमन गर्ग, वार्ड नंबर-18 से प्रवीण कुमार, एडवोकेट नीना शर्मा, वार्ड नंबर-20 से रजनी सैनी, वार्ड नंबर-21 से अनिल कुमार, वार्ड नंबर-27 से अशोक कुमार, वार्ड नंबर-28 से नरेश कुमार, वार्ड नंबर-29 से भगत राम सैनी ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
नगर परिषद के चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम ब्रह्म प्रकाश ने कहा कि नगर परिषद कैथल में बुधवार को 14 व्यक्तियों ने पार्षद पद उम्मीदवार पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
अब ये रहेगा शेड्यूल
अब तीन व चार जून तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। दो जून को अवकाश रहेगा। नामांकन पत्रों की जांच छह जून को 11:30 बजे से होगी। उम्मीदवार सात जून को 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। सात जून को ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को अपराह्न तीन बजे चुनाव चिह्न अलॉट किए जाएंगे। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और मतदान केंद्रों की सूची भी सात जून को प्रकाशित की जाएगी। 19 जून को सुबह सात बजे से सांय छह बजे तक मतदान होगा और 22 जून को मतगणना का कार्य प्रात: आठ बजे शुरू होगा तथा मतगणना कार्य पूरा होने के तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राजौंद में नहीं आया कोई भी नामांकन
राजौंद। नगर पालिका राजौंद में बुधवार को तीसरे दिन कोई भी नामांकन नहीं आया। रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम कलायत सुशील कुमार ने बताया कि उम्मीदवारों द्वारा चार जून तक नामांकन पत्र दाखिल करवा सकते हैं। दो जून को अवकाश रहेगा। तीन व चार जून को सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।
आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बनीं नीलम
कैथल। आम आदमी पार्टी ने नीलम गुप्ता को नगर परिषद चेयरपर्सन के लिए उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि पशुओं से सुरक्षा के लिए हर गली में गेट लगवाया जाएगा। उनके पति रामप्रताप गुप्ता ने सत्कार पैलेस में स्थित चुनावी कार्यालय में लड्डू बांटे। नीलम गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी के साथ आम आदमी है। उनका मुकाबला भाजपा से है। उनका प्रयास रहेगा कि तीन जून को नामांकन पत्र दाखिल किया जाएं।
आप से मनदीप कौर होगी चीका नगरपालिका चेयरपर्सन की उम्मीदवार
गुहला-चीका। चीका नगरपालिका के चेयरपर्सन पद के लिए आम आदमी पार्टी ने अमनदीप जेई की पत्नी मनदीप कौर को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। आप के हरियाणा प्रभारी व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने यह घोषणा की। मनदीप के उम्मीदवार बनाए जाने पर उनके समर्थकों में उत्साह है। 35 मनदीप कौर पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनका परिवार 2014 से आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ है। आम आदमी पार्टी के हलका अध्यक्ष बलदेव बंसल, गुरमीत सिंह, विक्रम शर्मा, सुखचैन सिंह, तरसेम सिंह, विक्की गोयल, आशु गोयल, सोनू कंबोज, नीलम सिंगला, डॉ. सुरेंद्र बंसल, सुखचैन सिंह, रमेश जैन, रणजोध गुराया आदि मौजूद रहे।