यमुनानगर। थाना बूड़िया क्षेत्र के गांव नंदगढ़ कार चालक ने तेज रफ्तार में कार से एक के बाद एक कई भेड़-बकरियां को कुचल दिया। इसमें दो बकरियों, चार बकरों व छह भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही भेड़-बकरियाें को चराने लेकर जा रहा युवक भी कार की टक्कर से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची बूड़िया पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नंदगढ़ निवासी मनीष ने बताया कि सात अक्तूबर की शाम गांव में वह भेड़-बकरियों को चराने ले गया था। इस दौरान उसके ताऊ सुभाष व छोटा भाई अंकित भी साथ थे। शाम करीब 5:50 बजे दादुपुर की तरफ से तेज रफ्तार में कार चालक आया। कार चालक ने भेड़ बकरियों के झुंड में टक्कर मारी। इससे भेड़-बकरियां उछल कर साथ लगते खेतों में गिरी। साथ ही एक के बाद एक कई भेड़-बकरियों को कार से कुचल दिया। साथ ही उसे भी टक्कर मार कर मौके से कार लेकर चला गया। कार चालक को रुकने का इशारा किया, पर वह नहीं रुका। बाद में पाया कि कार के नीचे कुचले जाने से दो बकरियों, चार बकरों व छह भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना बूड़िया पुलिस को दी। शनिवार सुबह मरी भेड़-बकरियों को जेसीबी से खोदाई कर दफना दिया गया। जांच अधिकारी सुखविंद्र सिंह का कहना है कि शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद