सरकार ने की अनदेखी तो इनसो ने दिया सम्मान
शिक्षामंत्री की स्टेज पर बोलने से महरूम हुई नर्सिंग छात्राओं को दिया गया बोलने का अवसर
कॉमनवेल्थ गेम्स के विजेताओं को सरकार द्वारा सम्मानित न करने के विरोध में इनसो के स्थापना दिवस समारोह में खिलाड़ियों को बुलाकर दिया सम्मान
प्रदेश में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी में अव्वल छात्राओं को लैपटॉप देकर किया सम्मानित
फोटो संख्या-50, 54 व 55
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सरकार द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित न किए जाने पर इनसो ने रविवार को कैथल में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में बुलाकर सम्मानित किया। पदक विजेता खिलाड़ियों में कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान गीता फौगाट, बबीता फौगाट, रितु फोगाट, कॉमनवेल्थ गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट बजरंग पूनिया, स्वर्ण पदक विजेता सुमित मलिक, प्रदीप सांगवान सहित कई नामचीन खिलाड़ियों ने शिरकत की और रैली में आए युवाओं और विद्यार्थियों की हौसला अफजाई की। कार्यक्रम में इनसो की ओर से दसवीं व बारहवीं कक्षा में टॉप करने वाली छात्राओं को लेपटॉप दिए गए।
नर्सिंग छात्राओं ने बुलंद की अपनी आवाज : प्रदेश भर में नर्सिंग कोर्स के परीक्षाएं न होने की आवाज बूलंद करने वाली नर्सिंग छात्राओं को समारोह में सम्मानित किया गया। उन्होंने इनसो के कार्यक्रम में उनकी वार्षिक परीक्षाएं पिछले पांच वर्षों से सरकार द्वारा आयोजित न करवाने का मुद्दा फिर से उठाया। यहां बता दें कि पिछले दिनों भिवानी में शिक्षा मंत्री के जन्म दिन पर आयोजित कार्यक्रम में नर्सिंग छात्राओं ने स्टेज पर अपनी बात रखी तो, उन्होंने छात्राओं को स्टेज से नीचे धकेल दिया था।