नगर परिषद और जन स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी से शहर में सीवरेज व्यवस्था बिगड़ी
हर वार्ड में सीवर जाम, लोग परेशान
- अधिकतर कॉलोनियों में बंद पड़ा है सीवर, पार्षदों की एक ही मांग, सीवरेज व्यवस्था में हो सुधार, विभागीय अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
फोटो नंबर-13 से 16
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शहर में सीवरेज व्यवस्था से शहरवासियों का जीना दूभर हो चुका है। करीब-करीब 15 से अधिक वार्डों में सीवरेज के ब्लॉक होने व इसके ओवरफ्लो होने की समस्या पर यहां के पार्षद दो बार धरने पर भी बैठ चुके हैं। लेकिन इसका जन स्वास्थ्य विभाग पर कोई असर नहीं है। शहर की अधिकतर वार्डों की कालोनियों में सीवरेज व्यवस्था बदहाली के आंसू रो रही है। इस पर न तो नगर परिषद कोई ध्यान दे रहा है और न ही जन स्वास्थ्य विभाग।
सीवरेज व्यवस्था बुरी तरह से बदहाल : पार्षद वेदप्रकाश ने बताया कि वार्ड नंबर 17 में देवीगढ़ रोड, बलराज नगर से लेकर प्यौदा रोड पर सीवरेज व्यवस्था बुरी तरह से बदहाल हो चुकी है। इस पर विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे वार्ड के लोग काफी परेशान हो चुके है। इस पर विभाग को कई बार लिखित में शिकायत देने के साथ पार्षदों द्वारा धरना भी दिया जा चुका है। उसके बावजूद समस्या ज्यों की त्यों बनी है।
वार्ड नंबर चार के पार्षद प्रतिनिधि संजय गर्ग ने बताया कि उसके वार्ड में बुध कुंड कालोनी, सुभाष नगर व इंपलाइज कालोनी में सीवरेज आवरफ्लो होने की समस्या सबसे अधिक है। यहां पर थोड़ी सी बारिश में सीवरेज ओवरफ्लो होने के साथ जलभराव की समस्या हो जाती है। जिससे वार्ड के लोगों को काफी कठिनाई होती है।
यहां बदहाल है सीवरेज व्यवस्था : शहर में ढांड रोड पर गांधी नगर, माता गेट, नानक पुरी कालोनी, सुभाष नगर, चिरंजीवी कालोनी, डोगरा गेट, सेक्टर 21, बालाजी कालोनी, अंबकेश्वर कालोनी, सुंदरा मोहल्ला, बिशनगढ़ गामड़ी, प्यौदा रोड, बैंक कालोनी, बड़ी देवी मंदिर कालोनी, दयानंद कालोनी सहित अन्य कालोनियों में सीवरेज ओवरफ्लो होने की समस्या से लोग परेशान है।
अमरुत योजना में 16 करोड़ रुपये से सीवरेज बदलने का कार्य शुरू, फिर भी बदहाल अधिकतर कालोनियां : बता दें कि सरकार की ओर से नगर परिषद के माध्यम से शहर में 16 करोड़ रुपये की लागत से ओल्ड सिटी, जींद रोड, मेन बाजार व माता गेट सहित अन्य कालोनियों में नए सिरे से 800 एमएम पाइपलाइन डालने का कार्य करीब तीन महीने पहले शुरू हो चुका है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर सीवरेज पाइपलाइन को ठीक किया जा रहा है। लेकिन उसके बावजूद भी अधिकतर कालोनियों में सीवरेज व्यवस्था बदहाल होने की समस्या से कोई राहत नहीं मिल पा रहा है।
इस समस्या पर नगर परिषद के एमई राजकुमार शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा अमरुत योजना के तहत 16 करोड़ रुपये की लागत से करवाए जा रहे सीवरेज निर्माण का कार्य का जिम्मा तो नगर परिषद के पास हैं। लेकिन सीवरेज की अन्य समस्या का समाधान जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से करवाया जाता है। इस समस्या पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ही कुछ बता सकते हैं।
जल्द करवाएंगे समस्या का निपटारा : वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के एसई देवी लाल ने बताया कि शहर में अधिक कालोनियों में सीवरेज बदहाली की समस्या है। इसकी पूरी जानकारी मुझे आपके माध्यम से मिली है। बारिश में थोड़ी समस्या जरूर हो जाती है। लेकिन इस समस्या का जल्द निपटारा करवा लिया जाएगा।