दो घंटे में बरसा 20 एमएम से ज्यादा पानी, लोगों को मिली गर्मी से राहत
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सोमवार रात हुई तेज बारिश के कारण लोगों को जहां गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश काफी मददगार साबित होगी। रात को करीब दो घंटे तक लगभग 20 एमएम पानी बरसा। कई इलाकों में काफी तेज बारिश हुई।
सोमवार रात करीब दस बजे मौसम में परिवर्तन के साथ हलकी बूंदाबांदी शुरू हुई थी। करीब 11 बजे तक तेज बारिश शुरू हो गई। जो करीब एक घंटे तक जारी रही। हालांकि जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश नहीं थी। लेकिन कैथल, पूंडरी सहित ढांड के क्षेत्र में काफी तेज बारिश हुई। इस समय जिले भर में करीब सवा लाख हेक्टेयर से अधिक में धान की रोपाई का काम चल रहा है। किसानों को धान की रोपाई के लिए काफी पानी की जरूरत रहती है। गर्मी के मौसम में यह बारिश काफी मददगार साबित होगी।
पूंडरी में हुए बाढ़ जैसे हालात
बारिश से पूंडरी में पानी निकासी ने होने से शहर की अनाज मंडी की सभी सड़कें व गेट, सब्जी मंडी, ट्रक यूनियन, सैनी मोहल्ला व पाई को जाने वाली सड़क पानी में डूबी हुई है। अनाज मंडी में सड़कों पर 2 से 3 फुट पानी खड़ा है। मंडी से बाहर आने-जाने वालों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पानी निकासी को लेकर समय-समय पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन धरातल पर उनके रिजल्ट शून्य हैं। अब भी हलका विधायक द्वारा पानी निकासी के लिए करोड़ों रुपये से बनने वाला प्रोजेक्ट भी मंजूर करवाया है। देशराज, पवन गर्ग, राकेश कुमार, बलदेव, नरेश कुमार व सुरेश कुमार ने बताया कि मंडी से आना व जाना बहुत मुश्किल हो गया है। पूंडरी-ढांड रोड पर पेड़ गिरने की वजह से सुबह के यातायात बाधित रहा। वाहन चालकों ने खुद मशक्त कर सड़क से पेड़ हटाकर रास्ता खोला।