कैथल। अनाज मंडियों में व्यापारियों को खरीदे गए धान के उठान के लिए गाड़िया नहीं मिल रहीं। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर के पास नियमानुसार पर्याप्त गाड़ियां नहीं हैं। पोर्टल पर जहां 110 गाड़ियां दर्ज कर ठेका लिया गया है, मंडियों में 60 गाड़ियां भी उपलब्ध नहीं हैं। यही कारण है कि मंडियां जाम हो चुकी हैं। वर्तमान में मंडी में करीब 1.20 लाख मीट्रिक टन (एमटी) धान कट्टों में बंद खुले आसमान के नीचे पड़ा है जिससे मंडियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है।
आढ़तियों का कहना है कि नई मंडी कैथल में पिछले चार दिनों से उठान के लिए गाड़ियां ही उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर ने ठेका हथियाने के लिए पोर्टल पर सिरसा व अन्य बाहरी जिलों के ट्रकों के नंबर फर्जी तरीके से दर्ज करा दिए हैं, जबकि वास्तव में वे गाड़ियां मंडी में रिपोर्ट ही नहीं कर रही हैं। गाड़ियों की इसी भारी कमी के कारण उठान का पहिया पूरी तरह थम चुका है।
अब तक मंडी में 3.82 लाख मीट्रिक टन धान की आवक में से 2.48 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है जबकि केवल 1.28 लाख मीट्रिक टन का ही उठान संभव हो पाया है। तीनों सरकारी खरीद एजेंसियों ने मिलकर अब तक 9,444 किसानों को कुल 211 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया है।
मंडियों के प्रधान बोले :
अन्य जिलों की गाड़ियों के नंबर दर्ज
- नई मंडी के प्रधान कृष्ण मित्तल ने आरोप लगाए कि ट्रांसपोर्टर के पास पूरी गाड़ी नहीं हैं। उसने अन्य जिलों की गाड़ियों के नंबर यहां दर्ज कराए लेकिन गाड़ियां नहीं हैं। पिछले चार दिन से उठान के लिए गाड़ी नहीं मिली। धान खराब हो रहा है।
नहीं हैं पूरी गाड़ी
- अतिरिक्त मंडी के प्रधान रघुबीर मलिक ने आरोप लगाए कि जिस हिसाब से मंडी में आवक हुई है और मंडियां जाम हैं, उस तरह से उठान नहीं हो रहा है। इसके पीछे मुख्य कारण गाड़ियों की कमी है। ट्रांसपोर्टर की मनमानी चल रही है। आढ़ती परेशान हैं।
-
एजेंसी वार खरीद, उठान और भुगतान
एजेंसी - खरीद - उठान - भुगतान
डीएफएससी 121684 62150 127
हैफेड 83601 44379 39
वेयरहाउस 42933 21169 45
नोट : आंकड़े एमटी में और भुगतान करोड़ में है।
-
ये है मुख्य मंडियों के हालात
मंडी - आवक - खरीद - उठान
पुरानी मंडी कैथल 4099 3379 3054
कौल 8010 4973 3138
कलायत 9345 6358 4045
गुहला-चीका 23905 18943 10554
नई मंडी कैथल 37350 27005 13808
पूंडरी 60055 32540 22160
सीवन 13396 9404 5190
अति.मंडी चीका 48381 37076 17437
ढांड 59594 37379 19772
अति.मंडी कैथल 48805 35336 14930
राजौंद 6277 2536 899
नोट : आंकड़े एमटी में मंगलवार शाम तीन बजे तक के हैं।
-
होगा भौतिक सत्यापन : एसडीएम
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि उठान में तेजी के लिए सख्ती से निर्देश दिए गए हैं। ट्रांसपोर्टरों की ओर से उपलब्ध करवाई गई गाड़ियों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। अगर ट्रांसपोर्टर की ओर से निर्धारित संख्या से गाड़ियां उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कैथल की अतिरिक्त मंडी में लगे धान के कट्टों के ढेर। संवाद- फोटो : सिरसागंज। हाईवे पर विद्युत पोल से टकराया अनियंति आटो