जिले में खाद का कृत्रिम संकट, एक साथ ही दो-तीन बार की जरूरत का खाद खरीद रहे हैं किसान
डीसी से मिले भारतीय किसान यूनियन के नेता, कहा-खाद के साथ दवा दे रहे हैं विक्रेता, खाद के साथ दवा देेने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग
अधिकारियों का खाद की कमी से इंकार, कहा-एक बार की जरुरत के लिए कोई कमी नहीं है खाद की
मंगलवार रात को ही पहुंच जाएगा 1 लाख 4 हजार कट्टे
जिस किसान को जबरन दवा दी जा रही है, वो शिकायत दे, होगी कार्रवाई-डीडीए
फोटो संख्या-9, 46 व 47
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिले में यूरिया खाद की कृत्रिम किल्लत से किसान परेशान हैं। किसानों की परेशानी यह है कि किसानों को खाद मिल तो रहा है, लेकिन कई विक्रेता खाद के साथ दवा जबरन थोप रहे हैं। वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद की कोई कमी नहीं हैं। किसान केवल जरूरत के हिसाब से खाद खरीदें। पूरे सीजन का एक साथ खाद खरीदेंगे तो यह अभी पूरा नहीं हो पाएगा। मंगलवार रात को ही 1 लाख 4 हजार कट्टों के दो रेक रेलवे के माध्यम से कैथल पहुंच रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन के नेता सतपाल दिल्लोवाली की अगुवाई में किसान खाद की कमी को लेकर लघु सचिवालय पहुंचे। जहां उन्होंने बताया कि यूरिया खाद गेहूं की फसल के बहुत जरूरी है। किसानों ने कहा कि यूरिया खाद के कई डीलरों द्वारा पहले खाद को स्टॉक किया जाता है। उसके बाद इसे ब्लैक में बेचा जा रहा है। ऐसे खाद के गोदामों पर जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जानी चाहिए। ताकि काला बाजारी खत्म हो सके और किसानों को खाद मिल सके। कई डीलर खाद के साथ दवा भी दे रहे हैं। जिसे मजबूरी में खरीदना पड़ रहा है। ऐसे डीलर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
वहीं नई अनाज मंडी में खाद विक्रेता राजकुमार ने कहा कि खाद की कोई कमी नहीं है। जिस किसान को एक ही बार खाद डालना है, उसके लिए कोई कमी नहीं है। लेकिन यदि कोई किसान पूरे गेहूं के सीजन में डाले जाने वाले खाद को एक ही समय में खरीदेगा तो थोड़ी परेशानी है। किसान ट्र्रैक्टर लाने ले जाने के खर्च के बचाव के लिए कई बार एक ही बार में सारे सीजन का खाद खरीदने का प्रयास करते हैं। जिससे बेवजह अफवाह फैलाई जा रही है कि खाद नहीं हैं। लेकिन खाद की कोई कमी नहीं है।
मंगलवार रात को ही पहुंच जाएंगे 2 रेक, 1 लाख से अधिक बैग होंगे : जिला कृषि उपनिदेशक डॉ. महावीर सिंह ने कहा कि किसान अफवाहों का शिकार न हों। जिले में खाद की कोई कमी नहीं हैं। किसान केवल एक बार में खेत में डाले जाने वाले खाद की मात्रा ही खरीदें। पूरे सीजन में समय पर खाद मिलता रहेगा। पूरे सीजन की जरूरत का खाद एक ही बार न खरीदें। इसके अलावा यदि कोई डीलर किसान पर जबरन दवा थोपता है तो उसकी शिकायत दें। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।