कैथल। चीका अनाज मंडी से शुक्रवार की रात बदमाश 70 बोरी धान लूट ले गए। आढ़ती अमित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने लूटपाट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आढ़ती अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी चीका मंडी में अमित ट्रेडिंग कंपनी की दुकान है। शुक्रवार की रात 10 बदमाश उसकी दुकान पर आए। वहां मजदूर काम कर रहे थे। दो बदमाशों ने मजदूरों की तरफ पिस्तौल तान दी और उन्हें किनारे कर दिया। इसके बाद आठ बदमाशों ने दुकान के आगे रखी धान की 70 बोरियों को गाड़ी में लोड कर लिया। इसके बाद वे निकल भागे। उनके जाने के बाद मजदूरों ने वारदात की सूचना उसे दी।
उसकी सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी ली, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। अमित ने बताया कि दुकान के सामने उसने धान खरीद कर बोरियों में भरकर दुकान के सामने लोडिंग के लिए रखा था। धान की खरीद करने वालों ने धान का उठान नहीं किया। चीका थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि अनाज मंडी चीका में धान की लूट की सूचना मिली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी को पुलिस खंगाल रही है। आढ़तियों ने बताया है कि बदमाशों की संख्या 10 के करीब थी। उनके पास पिस्तौल थी।