कैथल। लघु सचिवालय के साथ-साथ उप मंडल स्तर पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन निरंतर रूप से किया जा रहा है। जिले के सभी समाधान शिविरों में कुल 10 शिकायतें आई, जिनमें से आठ का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
अन्य शिकायतों के त्वरित निपटान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में छह शिकायतें आई, जिसमें से पांच का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। गुहला एसडीएम कार्यालय में तीन शिकायतें आई, सभी का मौके पर ही समाधान किया गया। कलायत एसडीएम कार्यालय में एक शिकायत आई, जिसका जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
डीसी ने कहा कि समाधान शिविर हरियाणा सरकार की एक अच्छी पहल है। आमजन को एक ही छत के नीचे सभी विभागों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहते हैं, जिससे किसी समस्या का जल्द समाधान होना संभव हो जाता है।
आमजन को इन शिविरों का लाभ उठाना चाहिए। कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समाधान शिविर में स्वयं उपस्थित रहें और लोगों की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनें। शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए। इन समाधान शिविरों में परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आइडी, जमीन की रजिस्ट्री, शहरी निकाय विभाग से एनडीसी लेने, नक्शे की मंजूरी, पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण व्यवस्था, अपराध, बिजली-पानी संबंधी आदि शिकायतों आती हैं। संवाद