फोटो 29जेएनडी13-कार्यक्रम में मौजूद अभिभावक एवं विद्यार्थी। स्रोत शहरवासी
उचाना। चाणक्य इंटरनेशनल स्कूल, कसूहन में बुधवार को नीट परीक्षा में सफल उचाना क्षेत्र के विद्यार्थियों और हाल ही में चयनित असिस्टेंट प्रोफेसरों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विधायक अत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए अवसर उपलब्ध करा रही है। वर्ष 2014 की तुलना में देश में एमबीबीएस सीटों, एम्स, आईआईटी और आईआईएम संस्थानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के कारण प्रतिभाशाली युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी अपनी मेहनत और प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
समारोह में नीट परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों और नवचयनित असिस्टेंट प्रोफेसरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मंच संचालन मास्टर रामप्रसाद ने किया। इस अवसर पर सुरेंद्र खरकभूरा, संजय वडोदरा, सत्यवान दुर्जनपुर, ईश्वर, राजेश गोयत, रोहताश खटकड़, प्रवीण गर्ग मौजूद रहे।