नरवाना। केएम राजकीय महाविद्यालय में चल रहे जोनल युवा महोत्सव के दूसरे दिन समापन अवसर पर मुख्यातिथि सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरएसयू कुलपति डॉ. रणपाल सिंह ने की। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि युवा देश के भविष्य की नींव होते हैं। वे अपनी उर्जा, रचनात्मकता और दृढ़ निश्चय से समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
यह महोत्सव न केवल उनकी प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का मंच है बल्कि उनके विचारों, सपनों और उनकी क्षमताओं को पहचानने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रति स्पर्धात्मक तक सीमित नहीं है। यह युवाओं के बीच अपनी संवाद, सहयोग और संस्कृति आदान-प्रदान का भी एक माध्यम है। प्राचार्य डॉ. मीनू सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। युवा महोत्सव के दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण हरियाणवी संस्कृति और संगीत से जुड़े कार्यक्रम रहे।
हरियाणवी ग्रुप डांस में प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधान पहनकर हरियाणा की संस्कृति को जीवंत कर दिया। ताल और लय के शानदार संगम ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सारंगी, बीन, ढोलक और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ बेहतरीन प्रस्तुति की गई। संपूर्ण कार्यक्रम की विधाओं ने न केवल हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा दिया, बल्कि युवाओं की रचनात्मक और प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया। अंत में मुख्यातिथि ने विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान डॉ. रोहताश नैन, सुल्तान सिंह, राजेश श्योकंद, स्वीटी श्योकंद, रिछपाल शर्मा, सुशील शास्त्री, अमित धरौदी, शीशपाल भाणा, हंसराज समैण, ईश्वर गोयल, अमनदीप गुप्ता, तेजपाल शर्मा, उपप्राचार्य कृष्ण कुमार, मेजर सुरेंद्र कुमार, लाल सिंह, सज्जन कुमार, डॉ. ममता ढांडा, राजवीर नैन कीर्ति बेनिवाल, उषा शर्मा मौजूद रही।
बाक्स
यह रहे परिणाम
जोनल युवा माहोत्सव में ओवरऑल ट्रॉफी एसडी महिला महाविद्यालय और रनरअप ट्राॅफी केएम राजकीय महाविद्यालय ने प्राप्त की। सांग में ट्रॉफी एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना, नृत्य की ट्रॉफी संयुक्त रूप से केएम राजकीय महाविद्यालय नरवाना व एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना, संगीत की ट्रॉफी एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना और थिएटर विधा में ट्रॉफी केएम राजकीय महाविद्यालय नरवाना ने प्राप्त की।