नरवाना। बरवाला ब्रांच नहर में नहाते समय निडानी निवासी 22 वर्षीय सुरेश डूब गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी लेकिन बुधवार शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
सुरेश फ्लेक्स लगाने का काम करता था। मंगलवार दोपहर सुरेश अपने दो साथियों के साथ काम के सिलसिले में नरवाना आया था। काम समाप्त होने के बाद तीनों जींद लौट रहे थे। रास्ते में वे बरवाला ब्रांच नहर पर नहाने के लिए रुक गए।
इसी दौरान सुरेश ने नहर के पुल से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद वह पानी से बाहर नहीं आया। साथियों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सदर थाना प्रभारी कमल ने बताया कि निडानी निवासी सुरेश के नहर में डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की गई। युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। बुधवार शाम तक पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मखंड हेड तक नहर में युवक को ढूंढा लेकिन सुरेश का पता नहीं चल सका।