16जेएनडी24: स्टिकर अभियान शुरू करते हुए। स्रोत कार्यकर्ता
नरवाना। हरियाणा में कथित वोट चोरी के मुद्दे ने रविवार को यूथ कांग्रेस को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया। नरवाना में युवाओं ने बाजारों, चौकों और वाहनों पर वोट चोरी बंद करो स्टिकर लगाकर सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।
अभियान का नेतृत्व यूथ कांग्रेस नरवाना हलका प्रधान अभिषेक नैन कान्हा खेड़ा ने किया, जिन्होंने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि लोकतंत्र की लूट अब बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस हरियाणा की इंचार्ज मेमांशा आर्य, स्टेट वाइस प्रेसिडेंट मोहित शर्मा, जिला प्रभारी राकेश सांघी, जिला प्रधान सुखबीर मलिक और कांग्रेस प्रत्याशी सतबीर दबलैन मौजूद रहे।
अभिषेक नैन ने आरोप लगाया कि जो सरकार वोट से नहीं जीत सकती, वह चोरी से सत्ता पर काबिज होने की कोशिश कर रही है।
वरिष्ठ नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि वोट चोरी पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यूथ कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन खड़ा करेगी। अभियान में एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के अनेक युवा कार्यकर्ता शामिल रहे।