जींद। सीआईए की टीम ने रेलवे स्टेशन से एक युवक को प्रतिबंधित दवा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हकीकत नगर निवासी दीपक उर्फ दीपू के रूप में हुई है। उसके पास से प्रतिबंधित दवा के 864 कैप्सूल मिले हैं।
सीआईए इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि उनकी टीम पटियाला चौक पर मौजूद थी। इस दौरान एएसआई सुरेंद्र को सूचना मिली कि दीपक उर्फ दीपू निवासी हकीकत नगर प्रतिबंधित दवा दिल्ली से लाकर जींद में बेचता है। सूचना पर टीम ने रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले लोगों की निगरानी शुरू कर दी। इस दौरान हाथ में पॉलिथीन की थैली लिए हुए व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर वह वापस स्टेशन की तरफ जाने लगा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पॉलिथीन की जांच करने पर उसमें से ट्रामाडोल के 108 पत्ते मिले। इनमें कुल 864 कैप्सूल थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।