27जेएनडी04: चुनाव कर्मियों को ईवीएम मशीन का लाइव डैमो देते हुए ट्रेनर्स। संवाद
जींद। प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में शनिवार को लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत पीठासीन (पीओ) और सहायक पीठासीन अधिकारियों (एपीओ) के लिए दूसरे दिन ईवीएम व वीवीपैट पायलट रिहर्सल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। इसमें ड्यूटी लगना अपने आप में गर्व की बात है। जिले में निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शिता के साथ मतदान प्रक्रिया पूर्ण करवाने के लिए पोलिंग पार्टियों को गंभीरता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बूथ के लिए रवाना होने के बाद पोलिंग पार्टियां केवल निर्धारित वाहन में ही जाएं। ईवीएम केवल जीपीएस लगे निर्धारित वाहन में सुरक्षा बलों के साथ ही मूवमेंट करेगी। मतदान प्रक्रिया व चुनावों से संबंधित अन्य कार्यों को निर्धारित नियमावली के तहत समय सारिणी के अनुरूप पूरा करवाने के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से सेशन वाइज सभी पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित नियमों की जानकारी देने के साथ ईवीएम व वीवीपैट की हैंडलिंग के लिए तकनीकी रूप से भी कुशल बनाया जा रहा है।
जींद के एसडीएम राकेश सैनी ने कहा कि चुनाव के दौरान ईवीएम खराब होने की स्थिति में नियमानुसार कार्य करें और अविलंब एआरओ को सूचित करें। उन्होंने बताया कि मतदान से एक घंटा पहले मॉक पोल की प्रक्रिया को एजेंटों की मौजूदगी में पूरा करें। इस प्रक्रिया को नोटा सहित 50 वोटों को समान रूप से बांटकर पूरा किया जाना चाहिए। मॉक पोल के दौरान किए गए वोट तथा वीवीपैट से निकलने वाली पर्चियों व कंट्रोल यूनिट में कुल वोट का मिलान होने पर पोलिंग एजेंट के हस्ताक्षर जरूर कराएं। मॉक पोल के बाद इसका रिकॉर्ड भी रखें। मॉक पोल की स्लिप के पीछे मुहर लगाकर उसे काले रंग के लिफाफे में सील बंद करके रखें। इस अवसर पर एडीसी एवं जिला में स्वीप के नोडल अधिकारी डाॅ. हरीश वशिष्ठ, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, नायब तहसीलदार चुनाव प्रदीप सरोहा व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
27जेएनडी04: चुनाव कर्मियों को ईवीएम मशीन का लाइव डैमो देते हुए ट्रेनर्स। संवाद