साहिल और आरोपी अनिल की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में आरोपी ने साहिल की चाकू घोंपकर कर हत्या कर दी थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
शहर के पटियाला चौक स्थित जोगिंद्र नगर में मंगलवार रात साहिल की हत्या मामूली कहासुनी को लेकर हुई थी। बीते कुछ दिनों पहले साहिल और आरोपी अनिल की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में आरोपी ने साहिल की चाकू घोंपकर कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बुधवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
मृतक के पिता हिसाब सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके बेटे 24 वर्षीय साहिल की कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर अनिल के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद अनिल उनके घर के सामने चक्कर काटता रहता था और कहता था कि उसे इंसाफ करना है। मंगलवार देर शाम को वह परचून की दुकान पर दूध लेने के लिए गया था। उस समय साहिल दुकान के पास ही बैठा हुआ था।
दूध लेकर वह घर आ गया, लेकिन करीब 15 मिनट बाद उसे साहिल की चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वह भाग कर गली में आया तो देखा कि साहिल लहूलुहान अवस्था में पड़ोस में रहने वाले बलविंदर के मकान में घुस गया और अनिल चाकू लिए उसके पीछे-पीछे भाग रहा था। लोगों को इक्ट्ठा होते देखा तो अनिल मौके से भाग गया। साहिल को तुरंत जींद के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस आरोपी को ढूंढने के लिए सर्च अभियान चला रही है।